मैहर ।  घुनवारा एक बार फिर साबित हुआ कि गाँव की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, बस ज़रूरत होती है उसे सींचने वाले हाथों की। ऐसा ही एक उदाहरण प्रस्तुत किया है घुनवारा ग्राम निवासी एवं माँ दुर्गा शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल के पूर्व छात्र धनंजय शुक्ला ने, जिनका चयन प्रतिष्ठित IIT जोधपुर में मैकेनिकल ब्रांच के जूनियर इंजीनियर पद पर हुआ है।
यह केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक सपने के सच होने जैसी घटना है जो घुनवारा ग्राम, विद्यालय और समस्त क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का भी क्षण है।

धनंजय शुक्ला की प्रेरणादायक यात्रा 

धनंजय शुक्ला जो संजय शुक्ला (संस्थापक एवं संचालक माँ दुर्गा शिक्षा निकेतन) के सुपुत्र और श्रीराम किंकर शुक्ला के नाती हैं घुनवारा मे ही जन्मे और अपनी प्रारंभिक शिक्षा घुनवारा स्थित इसी विद्यालय में प्राप्त की। विद्यालय की अनुशासित, मूल्यपरक और संस्कारित शिक्षा के साथ-साथ धनंजय की कड़ी मेहनत, आत्मनिष्ठा और निरंतर लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
जैसे यह खबर स्थानी जनों को प्राप्त हुई तो विद्यालय परिवार में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई ।  गोविन्द मिश्र,  कामता सोनी,  अजय शुक्ला,  रामनारायण त्रिपाठी,  रमाकांत दुबे, ओमप्रकाश त्रिपाठी, एवं  संदीप त्रिपाठी सहित समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष और गर्व व्यक्त किया है। सभी ने एक स्वर में कहा धनंजय की सफलता विद्यालय की शिक्षा-नीति, ग्रामीण प्रतिभा और परिवार के संस्कारों का उत्तम परिणाम है। एक दीपक जो गाँव से जलता है, वह पूरे राष्ट्र को प्रकाशमय कर सकता है। धनंजय की सफलता उसी दीप की ज्योति है।

न्यूज़ सोर्स : गुरुजन