नहर में डूबने से 12 वर्षीय बालिका की मौत
भोपाल । सिवनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरेला में मंगलवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां नहर में डूबने से 12 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब बालिका अन्य बच्चों के साथ नहर के पास खेल रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बालिका आंधी भलावी (12 वर्ष) पिता राजा गौण, निवासी ग्राम नरेला की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सतीश कुमार तिवारी के निर्देशन में पुलिस बल और रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। अंधेरा और पानी की अधिक गहराई होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाइयां आईं, लेकिन टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे। रात में रेस्क्यू टीम द्वारा नहर की गहराई से बालिका को खोज निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि नहर के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी संकेत नहीं होने के कारण पहले भी यहां हादसों की आशंका बनी रहती है। बच्चों का नहर के पास खेलना आम बात है, जिससे इस तरह की घटनाएं घटित हो जाती हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार सुबह शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले को मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर नहरों और जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर के किनारे सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड और आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

चाकसू में NH-52 पर भीषण हादसा: ट्रेलर में घुसी कार, एमपी के 5 श्रद्धालुओं की मौत
नरेंद्र मोदी ने पुलवामा शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बोले– उनका साहस हर भारतीय को करता है प्रेरित
छत्तीसगढ़ के राशन कार्डधारकों के लिए खुशखबरी… इस दिन से मिलेगा एक साथ 2 महीने का चावल
पहाड़ से जंगल तक पक्के घर: छिंदवाड़ा प्रधानमंत्री की गुड लिस्ट में टॉप
बाबा महाकाल के दर्शन होंगे आसान, भोपाल-उज्जैन के बीच चलेंगी 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, जानिए रूट और शेड्यूल