अमदरा । माॅं दुर्गा शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल घुनवारा के बालक  बालिकाओं ने आज बाल मित्र योजना के अंतर्गत अमदरा थाना का प्रेरक एवं शिक्षाप्रद भ्रमण कर जीवन में अनुशासन साहस सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रहित में सक्रिय सहभागिता का अनुपम संदेश ग्रहण किया। इस आयोजन ने न केवल उनके व्यक्तित्व को निखारा अपितु आदर्श नागरिक निर्माण की दिशा में एक सुविचारित कदम भी सिद्ध हुआ।
थाना प्रभारी श्रीमती रेनू मिश्रा द्वारा अपने सौम्य किंतु प्रभावशाली स्वागत से विद्यार्थियों में आत्मीयता का वातावरण निर्मित किया गया। पुलिस दल के सहयोगी अधिकारियों ने बच्चों को थाना परिसर का परिपूर्ण अवलोकन कराते हुए कानून व्यवस्था की जटिलताओं अभिलेख प्रबंधन आपातकालीन सेवा डायल-112 की उपयोगिता तथा अपराध निवारण हेतु अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने उत्सुकतापूर्वक प्रत्येक अनुभाग का निरीक्षण कर समाज में पुलिस की भूमिका का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
थाना प्रभारी श्रीमती मिश्रा ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अनुशासन जीवन की आधारशिला है नशामुक्त जीवन व्यक्ति को स्वस्थ सक्षम एवं उत्तरदायी बनाता है और सुरक्षा नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक का धर्म है। उन्होंने बच्चों को आदर्श नागरिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए सत्य सेवा और साहस सर्वोपरि हैं।

विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य श्री हीरा लाल तिवारी तथा सुश्री सूर्यांकां चतुर्वेदी ने इस अवसर पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बालकों में जागरूकता आत्मविश्वास तथा सामाजिक चेतना का संचार इस प्रकार के आयोजनों से होता है। यह पहल उन्हें न केवल कानून और व्यवस्था के प्रति सजग बनाती है, बल्कि उनके मन में कर्तव्यनिष्ठा परिश्रम और नैतिकता का बीज रोपित करती है।

विद्यालय परिवार ने इस पुनीत प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ भावी पीढ़ी को समर्पित सहृदय और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करने वाली दिशासूचक बनती हैं। बाल मित्र योजना का यह आयोजन बच्चों में मानवीय संवेदनाओं का विकास कर उन्हें आदर्श नागरिक बनने की राह पर अग्रसर करेगा और समाज में सेवा, सहयोग तथा समर्पण की संस्कृति का संवर्धन करेगा।

इस प्रकार अमदरा थाना भ्रमण न केवल एक शैक्षणिक गतिविधि रहा बल्कि नैतिक मूल्यों नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की वह पाठशाला सिद्ध हुआ जिसने नन्हें हृदयों में राष्ट्रप्रेम और सेवा की भावना का दीप प्रज्वलित कर दिया।

न्यूज़ सोर्स : राज मिडिया