मैहर में भीषण सड़क हादसा, तूफान वाहन कंटेनर से टकराया, दो की मौत, 14 घायल
मैहर। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर ग्राम तिलौरा के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार तूफान वाहन हाईवे किनारे खड़े एक कंटेनर के पीछे जा घुसा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में तूफान वाहन का चालक जतन सिंह वाहन में बुरी तरह फंस गया था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या दो हो गई है।
अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे प्रयागराज
जानकारी के अनुसार, तूफान वाहन में सवार सभी लोग कटनी जिले के पड़रिया गांव के निवासी थे और अस्थि विसर्जन के लिए कटनी से प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तिलौरा के पास हाईवे पर खड़े कंटेनर से उनकी गाड़ी टकरा गई।
ग्रामीणों ने दिखाई मानवता
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
कई घायलों की हालत गंभीर
घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

केरल में पीएम मोदी का तीखा हमला: ‘अब गांधी वाली कांग्रेस खत्म
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, पटरी पर लौटी 14 ट्रेनें
अमेरिकी सांसदों का MATCH एक्ट पेश, चीन की सेमीकंडक्टर पहुंच पर रोक
ईरान युद्ध के बीच कुवैत की सरकारी तेल रिफाइनरी पर तीसरी बार हमला
MP में गैस किल्लत के बीच ठगी, 30 सिलेंडर लेकर कर्मचारी फरार