अस्पताल समाज की सहभागिता से सशक्त बने स्वास्थ्य सेवा - रवि
मैहर। मैहर का जिला अस्पताल आज भी व्यापक क्षेत्र की लाखों जनता का जीवनदायिनी सहारा बना हुआ है परंतु संसाधनों की कमी इस सेवा को प्रभावित कर रही है। समाजसेवी पार्षद रवि सराफ ने कहा कि ऐसे समय में यह आवश्यक है कि अस्पताल को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल शासन पर न छोड़कर स्थानीय समाज उद्योग जगत और नागरिक भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
जैसे हम धार्मिक अनुष्ठानों, पर्व त्योहारों और सामाजिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक आर्थिक सहयोग करते हैं, वैसे ही समाज को स्वास्थ्य सेवा जैसे जीवन से जुड़े कार्यों में भी अपने उत्तरदायित्व का निर्वाहन करना चाहिए। वर्ष में एक बार अपनी आय का एक भाग अस्पताल को समर्पित कर हम एक बड़े सामाजिक उद्देश्य में योगदान दे सकते हैं।
रवि सराफ ने कहा कि अस्पताल में अत्यंत आवश्यक संसाधनों जैसे दवाइयाँ, उपकरण, बिस्तर ऑक्सीजन रक्त बैंक आपातकालीन सेवाएँ की पूर्ति के लिए जनभागीदारी अनिवार्य है। जैसे इस समय गंभीर मरीजों को लिफ्ट का लाभ नहीं मिल पा रहा है
कारण है कि लिफ्ट मे संचालित करने के लिए समय-समय पर मेंटेनेंस की जरूरत होती है जो नहीं हो पा रही है । क्षेत्र में संचालित औद्योगिक इकाइयों को चाहिए कि अपनी आय का एक निश्चित प्रतिशत जिला अस्पताल के विकास हेतु समर्पित करें। आज प्रतिस्पर्धा के युग में प्राइवेट हॉस्पिटल मैहर में सुविधा दे रहे हैं लेकिन क्या हर गरीब के पास बजट है कि उन प्राइवेट हॉस्पिटलों में अपना बेहतर इलाज कर सके ऐसी स्थिति में अगर हम अपने सरकारी उपक्रम को ही मजबूत कर लें तो अधिक से अधिक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के चाहे गरीब हो चाहे अमीर हो उन्हें सुविधाओं का लाभ और बेहतरी से मिल सकेगा ।
यह न केवल सामाजिक कर्तव्य है, बल्कि क्षेत्रीय विकास और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक भी है।
जिला प्रशासन को चाहिए कि इस दिशा में प्रभावी पहल जो प्रेरणा देने का काम करे जनजागरण अभियान चलाए, दानदाताओं को प्रोत्साहित करे और पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से योगदान को उपयोग में लाए। जब समाज में प्रतिस्पर्धा का भाव उत्पन्न होगा और लोग गर्व से कहेंगे कि हमने मैहर अस्पताल के लिए योगदान दिया तब यह कार्य एक आंदोलन का रूप ले सकता है।
यह समय है जब हर नागरिक स्वयं से प्रश्न करे क्या मैं अपने शहर के स्वास्थ्य सेवा में योगदान कर सकता हूँ?
हमारा संकल्प होना चाहिए कि दान केवल परोपकार नहीं बल्कि भविष्य की सुरक्षा है। आइए, मिलकर मैहर अस्पताल को सशक्त बनाएं ताकि हमारे क्षेत्र की हर महिला पुरुष, बच्चा और वृद्ध बेहतर चिकित्सा सेवा से लाभान्वित हो सके।
आपका सहयोग मैहर की साँसों का सहारा बने।
